09 फ़रवरी2026 (भारत बानी ब्यूरो) : ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली की टीम बहुत उम्मीदें लेकर आई थी, लेकिन टीम को पहले ही मैच में बड़ा झटका लग गया है। T20 वर्ल्ड कप में पहली बारि शिरकत कर रही इटली की टीम कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबला खेलने उतरी, लेकिन कुछ देर बाद ही टीम के कप्तान ने मैदान छोड़ दिया

कप्तान को लगी चोट

दरअसल, इटली के कप्तान वेन मैडसन गंभीर रूप से चोटिल हो गए और इसके चलते वह स्कॉटलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इटली ने स्कॉटलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इस मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय वेन मैडसन एक शानदार डाइव लगाकर गेंद रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान वह जोर से अपने बाएं कंधे के बल गिर पड़े। गिरते ही मैडसन दर्द से कराहते नजर आए और तुरंत मैदान पर फिजियो को बुलाना पड़ा।

पावरप्ले में लगी चोट

42 साल के मैडसेन को चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर ये चोट लगी। मुन्से के शॉट को रोकने की कोशिश में मैडसेन बाईं तरफ कूदे, लेकिन वह गेंद को रोक नहीं पाए और प्रैक्टिस पिच पर जाकर कंधे के बल गिर पड़े। शुरुआत में उम्मीद की जा रही थी कि चोट गंभीर न हो, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि वेन मैडसन का बायां कंधा डिस्लोकेट हो गया है। कमेंटेटर इयान बिशप ने भी यह जानकारी दी कि मैडसन अब इस मुकाबले में आगे नहीं खेल पाएंगे। 

टेंशन में टीम मैनेजमेंट

T20 वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रही इटली की टीम के लिए कप्तान का पहले ही मैच में बाहर हो जाना काफी बड़ा झटका है। कप्तानी के साथ-साथ टीम कॉम्बिनेशन पर भी इस चोट का सीधा असर पड़ेगा और अब टीम मैनेजमेंट को तुरंत रणनीति में बदलाव करना होगा। फिलहाल यह साफ नहीं है कि वेन मैडसन कितने समय तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। टीम मैनेजमेंट उनकी चोट की गंभीरता के आधार पर अगले मैचों को लेकर फैसला करेगा। ऐसे में इस चोट के बाद इटली की आगे की राह काफी मुश्किल हो गई है। 

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

स्कॉटलैंड (प्लेइंग XI): जॉर्ज मुन्से, माइकल जोन्स, ब्रैंडन मैकमुलेन, रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), मार्क वॉट, माइकल लीस्क, ओलिवर डेविडसन, ब्रैड व्हील, ब्रैड करी।

इटली (प्लेइंग XI): जस्टिन मोस्का, एंथनी मोस्का, जेजे स्मट्स, वेन मैडसेन (कप्तान), हैरी मैनेंटी, बेन मैनेंटी, जियान मीड (विकेटकीपर), ग्रांट स्टीवर्ट, क्रिशन कालूगामेज, अली हसन, थॉमस ड्रेका।

सारांश:
टीम को अपने पहले मैच में बड़ा झटका लगा है, क्योंकि कप्तान किसी कारणवश मैच में शामिल नहीं हो पाए और बाहर हो गए। इससे टीम की रणनीति और खेल प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है, और अब यह देखना होगा कि टीम आगे के मैचों में कैसे प्रदर्शन करती है।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *