10 फ़रवरी2026 (भारत बानी ब्यूरो) :  बॉलीवुड में ऐसे कई कलाकार आए, जिन्होंने शुरुआती दौर में तो खूब सुर्खियां बटोरीं, लेकिन धीरे-धीरे ये दर्शकों की नजरों से ओझल होते चले गए। इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं, जो अब फिल्मी दुनिया में एक्टिव नहीं हैं। रणबीर कपूर और संजय दत्त जैसे कलाकारों के साथ काम कर चुकीं मिनीषा लांबा भी इन्हीं कलाकारों में से एक हैं। मिनिषा लांबा ने 2005 में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा था और अपने बोल्ड-ग्लैमरस अंदाज को लेकर खूब सुर्खियों में रहीं। उन्होंने अपने करियर में कई बड़े स्टार्स के साथ काम किया, लेकिन फिर भी वो सफलता मिनीषा के हाथ नहीं लग पाई, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। मिनीषा अब करीब 9 साल से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन अक्सर ही किसी न किसी वजह से चर्चा में बनी रहती हैं।

21 साल में कीं 19 फिल्में

मिनीषा लांबा ने 2005 में ‘यहां’ से डेब्यू किया था। इस फिल्म में उन्होंने अदा का किरदार निभाया था। इसके बाद वह ‘कॉर्पोरेट’, ‘रॉकीः द रिबेल’, ‘एंथनी कौन है?’, ‘हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘दस कहानियां’ जैसी फिल्मों में नजर आईं, लेकिन किसी भी फिल्म का दर्शकों पर कुछ खास जादू नहीं चल सका। इसके बाद मिनीषा के हाथ रणबीर कपूर स्टारर ‘बचना ऐ हसीनों’ लगी, जिसमें उन्होंने माही का किरदार निभाया था और इस फिल्म के जरिए उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं। इस फिल्म के बाद वह इसी साल तीन और फिल्मों में नजर आईं और फिर धीरे-धीरे फिल्मों की गिनती कम होती गई। मिनीषा लांबा को फिल्मी दुनिया में 21 साल हो चुके हैं,लेकिन अब तक उनके खाते में 19 फिल्में ही आई हैं।

रियेलिटी शो में भी लिया हिस्सा

मिनीषा सिर्फ फिल्मों में ही नहीं बल्कि टीवी शोज और रियेलिटी शो में भी अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं। मिनीषा ने 2014 में बिग बॉस 8 में बतौर कंटेस्टेंट भाग लिया था और काफी सुर्खियां भी बटोरीं, लेकिन ज्यादा लंबे समय तक वह इस शो में नहीं टिक पाईं। इसके अलावा वह ‘छूना है आसमान’, ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’, ‘तेनाली रामा’ और ‘इंटरनेट वाला लव’ जैसे शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं। आखिरी बार वह अमेजन मिनी टीवी की सीरीज ‘बदतमीज दिल’ में नजर आई थीं और फिलहाल बड़े पर्दे से दूर ही चल रही हैं।

डायरेक्टर ने मारा था थप्पड़

मिनीषा लांबा ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान अपनी फिल्मी जर्नी के बारे में बात की थी। इसी दौरान उन्होंने बताया था कि उनके माता-पिता फिल्मों में उनके काम करने के खिलाफ थे, लेकिन एक एड के चलते उन्हें खुद ही फिल्मों के ऑफर आने लगे। डायरेक्टर सुजित सरकार ने कैडबरी के एड में उन्हें देखने के बाद अपनी फिल्म ‘यहां’ के लिए उन्हें अप्रोच किया था, लेकिन मिनीषा के माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में खुद सुजित सरकार ने मिनीषा के पेरेंट्स से बात की और उन्हें मनाया। मिनीषा ने इसी दौरान ये भी बताया था कि सुजित सरकार ने सेट पर सबके सामने उन्हें थप्पड़ भी जड़ दिया था। दरअसल, अभिनेत्री को शूटिंग के दौरान एक इमोशनल सीन करना था और वह कई कोशिशों के बाद भी रो नहीं पा रही थीं। ऐसे में सुजित सरकार ने एक्ट्रेस में इमोशन भरने के लिए उन्हें चांटा मार दिया।

सारांश:

रणबीर कपूर की हीरोइन ने अपने करियर में एक विवादास्पद घटना का सामना किया, जब उन्हें एक डायरेक्टर ने थप्पड़ मारा। बावजूद इसके, 41 साल की उम्र में भी वह अपने सौंदर्य और आकर्षण के लिए चर्चा में बनी हुई हैं।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *