11 फ़रवरी2026 (भारत बानी ब्यूरो) : T20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार करने के मुद्दे पर बांग्लादेश में बड़ा मोड़ आ गया है। पहले जहां बांग्लादेश की सरकार इस फैसले की जिम्मेदारी ले रही थी, अब सरकार के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने बड़ा खुलासा किया है, जिससे क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया है। आसिफ नजरुल ने कहा है कि भारत नहीं जाने का निर्णय सरकार का नहीं, बल्कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और खिलाड़ियों का था। नजरुल ने 10 फरवरी मीडिया से बात करते हुए कहा कि वर्ल्ड कप से बाहर होने पर पछतावे का कोई सवाल ही नहीं है। यह फैसला BCB और खिलाड़ियों ने देश की क्रिकेट, लोगों की सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान को ध्यान में रखकर लिया था।

यह बयान इसलिए चौंकाने वाला है क्योंकि इससे पहले कई मौकों पर नजरुल कह चुके थे कि टीम को भारत न भेजने का फैसला बांग्लादेश सरकार का था और BCB ने सिर्फ सरकारी निर्देशों का पालन किया। अब उनके इस ताजा बयान को बड़ा यू-टर्न माना जा रहा है।

विवाद की शुरुआत कैसे हुई?

जनवरी में BCB के आधिकारिक ऐलान से पहले ही नजरुल ने संकेत दे दिए थे कि बांग्लादेश भारत में अपने वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगा। यह फैसला उस समय आया था जब BCCI ने IPL 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद मामला और तूल पकड़ता गया। नजरुल ICC के साथ बातचीत में भी सक्रिय रहे और उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बैठक कर उन्हें अंतिम फैसले से अवगत कराया। आखिरकार ICC ने घोषणा की कि T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगा।

लाहौर में बैठक से बदला माहौल

इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और ICC के बीच लाहौर में हुई बैठक में BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मौजूद थे। बातचीत के बाद ICC ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। साथ ही 2028 में एक ICC टूर्नामेंट की मेजबानी भी बांग्लादेश को दी जाएगी। नजरुल ने इस समझौते को बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि ICC ने साफ कर दिया है कि कोई सजा नहीं होगी और बांग्लादेश को एक इंटरनेशनल टूर्नामेंट की मेजबानी दी जाएगी। यह शानदार उपलब्धि है। वह BCB को सलाम करता हैं। 

सारांश:

बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में मैच खेलने से इनकार किया। शुरू में इसे सरकार की जिम्मेदारी बताया गया, लेकिन बाद में BCB और खिलाड़ियों को जिम्मेदार ठहराया गया, जिसे प्रेस में U‑टर्न कहा गया।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *