24 फरवरी 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार अफगानिस्तान श्रीलंका की मेजबानी करेगा। दोनों टीमों के बीच T20I और ODI सीरीज खेली जाएगी। यह दोनों सीरीज 13 से 25 मार्च के बीच संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE में खेली जाएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच कुल 6 मुकाबले खेले जाएंगे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड आधिकारिक तौर पर यह जानकारी दी। यह दोनों देशों के बीच दूसरी द्विपक्षीय T20 सीरीज होगी। इससे पहले दोनों टीमें फरवरी 2024 में T20 सीरीज में भिड़ चुकी हैं। ODI फॉर्मेट में अफगानिस्तान और श्रीलंका 2022, 2023 और 2024 में द्विपक्षीय सीरीज खेल चुके हैं। तीन T20 मुकाबले 13, 15 और 17 मार्च को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि ODI सीरीज के मैच 20, 22 और 25 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।
लंका और अफगानिस्तान के बीच होगी कांटे की टक्कर
ACB के सीईओ नसीब खान ने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर दोनों बोर्डों के रिश्तों को और मजबूत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालिया फॉर्म को देखते हुए श्रीलंका कड़ी टक्कर देगा और क्रिकेट प्रेमियों को हाई-क्वालिटी मुकाबले देखने को मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि टीम का लक्ष्य आगामी ICC और ACC टूर्नामेंट्स की तैयारी को मजबूती देना है।
यह सीरीज इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर के दो बड़े आयोजनों के बीच हो रही है। मेन्स T20 वर्ल्ड कप 8 मार्च को समाप्त होगा और ठीक पांच दिन बाद यह सीरीज शुरू हो जाएगी। जहां अफगानिस्तान का अभियान T20 वर्ल्ड कप में जल्दी समाप्त हो गया, वहीं श्रीलंका सुपर-8 चरण में पहुंचा है। श्रीलंका क्रिकेट के CEO एशले डी सिल्वा ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताया। उनके अनुसार, अफगानिस्तान की मेजबानी में खेलना श्रीलंका के लिए खास अनुभव होगा और यह भविष्य की तैयारियों में मददगार साबित होगा।
सारांश:
अफगानिस्तान पहली बार क्रिकेट में श्रीलंका की मेजबानी करने जा रहा है। इस दौरे के दौरान कुल छह मुकाबले खेले जाएंगे। यह श्रृंखला दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ अफगानिस्तान में क्रिकेट के विकास को भी बढ़ावा देगी।
