26 फरवरी 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा का आज बृहस्पतिवार को दूसरा और आखिरी दिन है। यह दौरा भारत-इज़रायल के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर केंद्रित है। पीएम मोदी का पहला दिन भारत-इजरायल की दोस्ती के लिहाज से बेहद शानदार रहा। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू खुद एयरपोर्ट पर अपनी पत्नी के साथ प्रोटोकॉल तोड़कर पीएम मोदी को लेने पहुंचे। इसके बाद उनका भव्य स्वागत हुआ। इजरायली संसद नेसेट को किसी भारतीय पीएम ने पहली बार संबोधित किया। पीएम मोदी को नेसेट ने अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया। इसके बाद रात्रिभोज में बेंजामिन नेतन्याहू ने उनका पसंदीदा भोजन कराया और उनके सम्मान में कुछ ऐसा किया कि पीएम मोदी भी चौंक गए।

आज इजरायल में क्या है पीएम मोदी का कार्यक्रम

आज पीएम मोदी और इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू साथ में याद वाशेम (Yad Vashem) म्यूज़ियम जाएंगे। यह होलोकॉस्ट (यहूदियों के नरसंहार) के पीड़ितों की याद में बना स्मारक है। यहां पीएम मोदी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और संभवतः रिमेम्ब्रेंस हॉल में माल्यार्पण करेंगे। यह दौरा ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व का है। इसके बाद पीएम मोदी इज़रायल के राष्ट्रपति इसाक हरजोग से मुलाकात करेंगे। दिन में नेतन्याहू के साथ कई विस्तृत बैठकें हैं, जिसमें कई महत्वपूर्ण MoUs (समझौता ज्ञापनों) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। ये समझौते मुख्य रूप से रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, AI, तकनीक, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में होंगे। बैठकें जेरूसलम के किंग डेविड होटल में या इसी तरह के दूसरे स्थान पर हो सकती हैं। अंत में दोनों नेताओं द्वारा संयुक्त प्रेस स्टेटमेंट या मीडिया को संबोधन दिया जा सकता है।

डिनर पर नेतन्याहू ने पीएम मोदी को कैसे चौंकाया

पीएम मोदी को शानदार डिनर के लिए आमंत्रित करने वाले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को भारतीय परिधान पहनकर पीएम मोदी को चौंका दिया। पीएम मोदी जब डिनर करने पहुंचे तो नेतन्याहू उन्हें रिसीव करने के लिए भारतीय परिधान में खड़े थे। यह देखकर पीएम मोदी बहुत प्रसन्न हुए और उन्होंने इसकी तारीफ की। नेतन्याहू ने भारतीय पीएम के सम्मान में यह वस्त्र धारण किया था। उनका यह कदम भारत-इजरायल की दोस्ती और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला है। उन्होंने इसका एक संक्षिप्त वीडियो अपने एक्स पर शेयर किया है और हिंदी में लिखा है कि “हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया।” बता दें कि इससे पहले एयरपोर्ट पर पीएम मोदी को रिसीव करने पहुंचे नेतन्याहू की पत्नी ने भगवा वस्त्र पहनकर पीएम मोदी से तारीफें बटोरीं और भारत-इजरायल के संबंधों को गहरा बनाने का संकेत दिया। 

सारांश:

इजरायल में अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन, पीएम मोदी और प्रधानमंत्री नेतन्याहू की बैठक रात्रिभोज के दौरान चर्चा का केंद्र बनी। इस दौरान नेतन्याहू ने ऐसा कदम उठाया जिससे पीएम मोदी चौंक गए। यह पल मीडिया और कूटनीतिक जानकारों के लिए खास ध्यान का विषय बन गया। दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देना बताया गया है।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *