10 मार्च 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। इस मैच में भले ही इंग्लैंड 7 रन से हार गया लेकिन टीम के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल महफिल लूटने में कामयाब रहे थे। बेथेल ने 48 गेंदों पर 105 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े थे। उनकी तूफानी पारी का लोहा सभी ने माना था। अब बेथेल को लेकर अब बड़ी खबर आई है।
दरअसल, इंग्लैंड क्रिकेट के उभरते सितारे जैकब बेथेल को बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है। शानदार प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के दम पर उन्हें 2026 के द हंड्रेड टूर्नामेंट में बर्मिंघम फीनिक्स पुरुष टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। युवा बल्लेबाज अब टीम की कमान संभालते हुए अपने करियर का एक नया अध्याय शुरू करेंगे।
लियाम की जगह संभालेंगे कमान
बेथेल टीम के पूर्व कप्तान लियाम लिविंगस्टोन की जगह लेंगे, जो अब लंदन स्पिरिट से जुड़ चुके हैं। 22 साल के बल्लेबाज बेथेल इससे पहले भी अपनी कप्तानी का लोहा मनवा चुके हैं। पिछले साल उन्होंने इंग्लैंड की T20 टीम की कप्तानी करते हुए आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज जिताई थी। उस समय नियमित कप्तान हैरी ब्रूक को आराम दिया गया था।
136 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
उस सीरीज में कप्तानी संभालते हुए बेथेल ने इतिहास रच दिया था। वह इंग्लैंड पुरुष टीम के 136 साल के इतिहास में सबसे कम उम्र के कप्तान बने थे। हालांकि, उनकी नियुक्ति ने कई लोगों को चौंकाया भी था, क्योंकि उनकी उम्र काफी कम थी। खुद बेथेल ने मजाक में कहा था कि शायद टीम प्रबंधन उन्हें सीधे गहरे पानी में उतारना चाहता था।
शानदार रहा पिछला सीजन
पिछला सीजन बेथेल के लिए बेहद शानदार रहा। उन्होंने बल्लेबाजी में भी कई बड़े रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज टेस्ट में और भारत के खिलाफ ICC T20 वर्ल्ड कप के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक जड़ा। इसके साथ ही वह तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। बर्मिंघम फीनिक्स के पुरुष टीम के नए मुख्य कोच शेन बॉन्ड ने बेथेल की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा कि वह उम्र से कहीं ज्यादा परिपक्व नेता हैं और उनकी रणनीतिक समझ भी शानदार है। वहीं फ्रेंचाइजी ने यह भी पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज ऑलराउंडर एलिस पैरी लगातार तीसरे सीजन में बर्मिंघम फीनिक्स महिला टीम की कप्तानी करती रहेंगी।
सारांश:
टीम इंडिया के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले 22 साल के इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज को अब अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। उनका शानदार खेल और आक्रामक अंदाज उन्हें टीम की अगुवाई के लिए उपयुक्त बनाता है। फैंस को उनके नेतृत्व में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिलेगा।
