11 मार्च 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : वनडे विश्व कप अगले साल खेला जाना है। टी20 विश्व कप 2026 के बाद अब आईसीसी का बड़ा और अहम टूर्नामेंट यही है। इस बीच टीम इंडिया भी जल्द ही इसकी तैयारियों में जुट जाएगी। वैसे तो टेस्ट, वनडे और टी20 मैच लगातार होंगे, लेकिन टी20 इंटरनेशनल मैचों की संख्या कम हो जाएगी और वनडे ज्यादा होंगे। इस बीच टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज अब टी20 इंटरनेशनल मैच बहुत कम खेलेंगे और उनका फोकस टेस्ट के अलावा वनडे पर ही होगा। हम बात कर रहे हैं, जसप्रीत बुमराह की, जिनके वर्कलोड मैनेजमेंट का खास ख्याल रखा जाता है। 

वनडे विश्व कप 2023 के बाद से अब तक बुमराह ने नहीं खेला है कोई एक दिवसीय मुकाबला

जसप्रीत बुमराह ने अपना आखिरी वनडे मैच साल 2023 में खेला था। वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद से लेकर अब तक जसप्रीत बुमराह ने कोई भी वनडे नहीं खेला है। उनका फोकस टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट पर ही ज्यादा रहा। अब जबकि टी20 विश्व कप खत्म हो गया है। भारतीय टीम ने इस जीत लिया है तो उसकी नजर अब अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप पर है। अभी मार्च के आखिर से लेकर मई तक आईपीएल चलेगा और उसके बाद भारत का मिशन वनडे विश्व कप 2027 शुरू हो जाएगा।

आईपीएल में फिर से मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे बुमराह

इस बीच खबर है कि जसप्रीत बुमराह अब टी20 इंटरनेशनल मैच कम खेलेंगे, हो सकता है कि वे टी20 के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल ही ना किए जाएं। उनका सारा फोकस टेस्ट और वनडे पर होगा। इस वक्त विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चल रही है। इसमें से बुमराह को रेस्ट नहीं दिया जाएगा। वैसे इस बीच एशियाई खेल भी होंगे, जो टी20 फॉर्मेट पर खेला जागएा। इसमें भारतीय टीम हिस्सा लेगी, लेकिन माना जा रहा है कि बुमराह इस टीम में भी नहीं होंगे। जसप्रीत बुमराह जल्द ही आईपीएल में अपनी टीम मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे। उसके बाद वे टीम इंडिया के लिए जून में खेलेंगे। 

आईपीएल के बाद तय होगी भारतीय टीम की रणनीति

माना जा रहा है कि आईपीएल के बाद ही बीसीसीआई की ओर से टीम इंडिया की भविष्य की योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। किस खिलाड़ी को कौन सा फॉर्मेट खेलना है, ये भी इसी दौरान पक्का होगा। इस वक्त इतना क्रिकेट हो रहा है, इसलिए हर खिलाड़ी का तीनों फॉर्मेट खेलना करीब करीब नामुमकिन सा है। 

रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ नजर आएंगे जसप्रीत बुमराह

आपको जानकर अचरज होगा कि वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल के बाद से लेकर अब तक जसप्रीत बुमराह 42 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, लेकिन इसमें एक भी वनडे मैच नहीं हैं। इन 42 मैचों में 21 टेस्ट और 21 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं। खास बात ये है कि टी20 में तो आईपीएल से निकले गेंदबाज भी अपना काम कर जाते हैं, लेकिन वनडे में भारत के पास बहुत लंबा चौड़ा पूल नहीं है। ऐसे में जसप्रीत बुमराह की फिटनेस का खास ख्याल रखा जाएगा। विराट कोहली और रोहित शर्मा भी अब टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट के बाद केवल वनडे ही खेल रहे हैं। ऐसे में जल्द ही विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह एक ही साथ खेलते हुए दिखाई देंगे। आईपीएल के बाद जून में फिर से इंटरनेशनल ​क्रिकेट टीम इंडिया खेलेगी। 

सारांश:
टीम इंडिया का एक खिलाड़ी अब T20I मैचों में हिस्सा नहीं लेगा और पूरी तरह से वनडे विश्व कप की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसका उद्देश्य खिलाड़ी की फिटनेस और रणनीति को वनडे प्रारूप के अनुसार बेहतर बनाना है। टीम प्रबंधन ने इसे आगामी विश्व कप के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है, ताकि खिलाड़ी पूरी तरह तैयार होकर टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर सके।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *