18 मार्च 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने साल 2025-26 के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में एक बड़ा बदलाव करते हुए A+ कैटेगिरी को हटाने का फैसला लिया। इसमें पिछली बार A कैटेगिरी में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा शामिल थे। इसमें से कोहली और रोहित अब जहां सिर्फ वनडे में खेल रहे हैं, तो वहीं रवींद्र जडेजा सिर्फ टेस्ट और वनडे में खेलते हैं। इसमें बुमराह ही एक खिलाड़ी हैं जो तीनों फॉर्मेट के लिए उपलब्ध हैं। बीसीसीआई की तरफ से A+ प्लस कैटेगिरी में शामिल खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते थे, जिसके बाद इसे हटाने की वजह से उन्हें बुमराह के चलते नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में फिर से बदलाव करना पड़ सकता है।
बुमराह को हो रहा है 2 करोड़ रुपये का नुकसान
बीसीसीआई ने A+ कैटेगिरी बनाते समय ये साफ कर दिया था कि उसमें सिर्फ तीनों फॉर्मेट में खेलने वाले खिलाड़ियों को ही जगह मिलेगी, जिसमें शामिल प्लेयर को किसी एक फॉर्मेट में आईसीसी रैंकिंग में टॉप-10 का हिस्सा भी होना चाहिए। इस कैटेगिरी के खत्म होने के बाद जसप्रीत बुमराह को ए कैटेगिरी में शिफ्ट कर दिया गया है जिसमें बीसीसीआई की तरफ से इसमें शामिल प्लेयर को सालाना 5 करोड़ रुपए मिलते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बुमराह को हो रहे 2 करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई बीसीसीआई कर सकता है क्योंकि वह तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया को एक सूत्र ने दिए बयान में कहा कि बोर्ड यह देख रहा है कि बुमराह के नुकसान की भरपाई किस तरह से की जा सकती है। बोर्ड इस बात को समझ रहा है कि उनकी फीस को 7 करोड़ से घटाकर 5 करोड़ कर देना सही नहीं होगा। अभी कॉन्ट्रैक्ट के वैल्यूएशन में बदलाव किया जा सकता है। वहीं ऐसा ही कुछ मामला अक्षर पटेल के साथ भी है जो लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में अच्छा करने के साथ टेस्ट स्क्वाड का भी अहम हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें ग्रेड C में रखा गया है और इसमें प्लेयर्स को सालाना एक करोड़ रुपये मिलेंगे।
अभी सालाना कॉन्ट्रैक्ट में मिलने वाले पैसों का नहीं हुआ खुलासा
साल 2025-26 के लिए बीसीसीआई ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में कुल 30 खिलाड़ियों को शामिल करने का ऐलान किया था, जिसमें इस बार हर कैटेगिरी में शामिल खिलाड़ियों को बोर्ड की तरफ से कितना पैसा मिलेगा इसको लेकर बीसीसीआई की तरफ से खुलासा नहीं किया गया। ऐसे में बुमराह और अक्षर पटेल को लेकर सामने आई वेतन ढांचे में कमियों के बाद इसको लेकर बोर्ड की तरफ से जल्द ऐलान किया जा सकता है। बीसीसीआई ने इस बार ग्रेड A में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को जगह दी थी। वहीं ग्रेड B में कुल 11 खिलाड़ी जबकि ग्रेड C में 16 खिलाड़ी शामिल थे।
सारांश:
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव करने पर विचार कर रहा है। इस बदलाव का मुख्य कारण तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं, जिनकी शानदार प्रदर्शन और टीम में अहम भूमिका के चलते उनकी कैटेगरी और कॉन्ट्रैक्ट राशि में 2 करोड़ रुपये तक की वृद्धि हो सकती है।
