नई दिल्ली 12 दिसंबर 2024 (भारत बानी ब्यूरो ) – . टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह इनदिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं. भज्जी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में कमेंट्री कर रहे हैं. टीम इंडिया के टर्बनेटर ने दूसरा टेस्ट मैच खत्म होने के बाद ऐसा काम किया जिसकी खूब वाहवाही हो रही है. उन्होंने एडिलेड में खेले गए डे नाइट टेस्ट मैच के बाद अपना ब्लेजर उतारकर कैमरा पर्सन को पहना दिया. भज्जी का ये दरियादिली वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. पिंक बॉल टेस्ट मैच में भारत को ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली. सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 14 दिसंबर से गाबा में खेला जाएगा. दोनों टीमें इस टेस्ट को जीतकर एक दूसरे से सीरीज में आगे निकलने की कोशिश करेंगी.
हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) का जो वीडियो वायरल है उसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि भज्जी कैमरा पर्सन के पास जाकर उसे अपना ब्लेजर पहना देते हैं. इसके बाद भज्जी और कमरापर्सन काफी खुश नजर आते हैं.कैमरा पर्सन इस दौरान भज्जी को कहता है कि आप एक सुपर स्टार हो. वहीं भज्जी कहते हैं कि आप दयालु हो और यहां पर आपने बहुत मेहनत की है.
भज्जी ने टीम इंडिया को खेल पर फोकस करने को कहा
भज्जी ने हाल में भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का इंटरव्यू किया था जिसमें उन्होंने भज्जी को ट्रेविस हेड के साथ हुई बहस के बारे में बताया था. सिराज और ट्रेविस हेड के बीच दूसरे टेस्ट मैच में खूब नोकझोक हुई थी. भज्जी ने जब सिराज से पूछा कि हेड ने उनसे क्या कहा था तो भारतीय पेसर ने बताया कि उसने उन्हें गाली दी थी. जिसके बाद उन्होंने हेड को बाहर जाने का इशारा किया था. जबकि हेड ने अपने बचाव में कहा था कि उन्होंने सिराज को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए वेल बॉल कहा था. सिराज ने हेड को क्लीन बोल्ड किया था. भज्जी ने तब सिराज से कहा कि ऑस्ट्रेलियन की ये आदत है. वे पहले भी भारतीय टीम के खिलाफ ऐसा कर चुके हैं.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया तीसरा टेस्ट 14 दिसंबर से
हरभजन ने भारतीय टीम को बाहर की चीजों पर ध्यान नहीं देने को कहा है.भज्जी ने भारतीय टीम से कहा कि वे अपने खेल पर ध्यान दें और ऑस्ट्रेलिया से सीरीज जीतकर घर लौटें.पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं. दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 14 दिसंबर से ब्रिस्बेन के गाबा मैदान में खेला जाएगा.
