09 सितंबर 2025 (भारत बानी ब्यूरो ) : अमेरिका इस वक्त खुद को दुनिया का बेताज बादशाह समझ रहा है. वो बात अलग है कि कोई भी देश उसकी तानाशाही के आगे झुकने को तैयार नहीं है. खुद डोनाल्ड ट्रंप तो हैं हीं, उनके सलाहकार भी ऐसी जुबान बोल रहे हैं कि बात सुधरने के बजाय बिगड़ती जा रही है. भारत को 50 फीसदी टैरिफ की चोट देने के बाद डोनाल्ड ट्रंप के कारोबारी सलाहकार पीटर नवारो लगातार ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं कि उनके खिलाफ एक पूरी लॉबी मजबूत होती जा रही है.

अमेरिका के व्हाइट हाउस ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने पहले तो सोशल मीडिया पर रूस और भारत के रिश्तों को लेकर लंबी-चौड़ी कहानी पोस्ट की, जिसे लेकर एलन मस्क से ही उनकी भिडंत हो गई. अब उनका फोकस भारत से शिफ्ट होकर पूरे BRICS संगठन पर है. वजह साफ है- अमेरिका इस संगठन में शामिल देशों के खिलाफ टैरिफ वॉर छेड़ चुका है लेकिन इनमें से कोई उसकी दादागिरी के आगे झुकने के लिए तैयार नहीं हैं.

खून चूसने वाला वैम्पायर है BRICS

पीटर नवारो ने ब्रिक्स में शामिल देशों की आलोचना करते हुए उन्हें ‘वैम्पायर’ बताया, जो अमेरिका का खून चूसते हैं. उन्होंने कहा कि ये राज्य अमेरिका की मार्केट की बदौलत ही जीवित हैं, अगर वे अमेरिकी बाजारों को न बेचें, तो इनके अस्तित्व संकट में आ जाएंगे. इसके अलावा नवारो ने BRICS की एकजुटता पर सवाल उठाते हुए कहा – ‘इतिहास में ये देश एक-दूसरे से नफरत करते हैं, फिर ये साथ कैसे रहते हैं?’

वैसे पीटर नवारो को ये भी याद होना चाहिए कि इतिहास में तो अल कायदा के आतंकी ओसामा बिन लादेन ने भी अमेरिका को बड़ा घाव दिया था. फिर भी उसे सालों तक पालने वाले पाकिस्तान से आज उनकी इतनी यारी है कि वो व्हाइट हाउस में वहां के सेना प्रमुख को खाना खिलाते हैं.

चीन-भारत-रूस की तिकड़ी ने दिया सदमा

नवारो ने इसी बातचीत के दौरान भारत की उच्च टैरिफ नीति की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि भारत महाराजा टैरिफ यानि दुनिया का सबसे ऊंचा आयात शुल्क लगाता है और रूस और चीन के साथ मिलकर अमेरिकी हितों को नुकसान पहुंचाता है. उन्होंने एक बार फिर चेतावनी दी कि अगर भारत अमेरिका के साथ तालमेल नहीं रखेगा, तो रूस और चीन के साथ गठबंधन उसे नुकसान पहुंचा सकता है. नवारो ने साफ कहा कि यह भारत के लिए अच्छा नहीं होगा. तो क्या वाकई नवारो को भारत की इतनी परवाह है?

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *