नई दिल्ली 11 नवंबर 2025 (भारत बानी ब्यूरो ). ना उम्र की सीमा हो…ना जन्मों का हो बंधन. जब प्यार करे कोई तो देखे केवल मन…धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की प्रेम कहानी किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं है. धर्मेंद्र ने ड्रीम गर्ल के प्यार में पड़कर हर हद पार कर दी थी. उन्होंने समाज और परिवार की हर सीमा, हर बंधन को ताक पर रख दिया था. दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत क्लासिक कल्ट फिल्म ‘शोले’ के सेट पर हुई थी. धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने कई फिल्मों में साथ काम किया था और जिसके दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ने लगी थी, लेकिन शोले के दौरान उनका प्यार जग-जाहिर हो गया था.
धर्मेंद्र ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले ही साल 1954 में प्रकाश कौर से शादी कर ली थी. पहली शादी के वक्त एक्टर की उम्र महज 19 साल थी. शादीशुदा और 4 बच्चों के पिता होते हुए धर्मेंद्र हेमा मालिनी से शादी तो करना चाहते थे, लेकिन वो अपनी पहली पत्नी से तलाक नहीं लेना चाहते थे. एक्टर ने पहली पत्नी से तलाक लिए बिना ही धर्म बदलकर हेमा से निकाह किया.
धर्मेंद्र ने धर्म परिवर्तन कर हेमा मालिनी से किया निकाह
हेमा मालिनी को दूसरी पत्नी बनाने के लिए उन्होंने इस्लाम कबूल कर लिया और बिना तलाक वो दो पत्नियों के साथ रहने लगे. लेकिन उनका ये रिश्ता हेमा मालिनी के परिवार को न गंवारा था. वो धर्मेंद्र से उनकी शादी के सख्त खिलाफ थे. यहां तक कि ड्रीम गर्ल के माता-पिता ने उनका रिश्ता फिल्म इंडस्ट्री के दूसरे बड़े स्टार के साथ तय कर दी थी.
हेमा मालिनी ने ठुकराया था संजीव कुमार का प्रपोजल
हेमा मालिनी उस वक्त फिल्म इंडस्ट्री की सबसे खूबसूरत हसीनाओं में शामिल थी. उनसे शादी करने के लिए एक नहीं बल्कि कई स्टार्स कतार में खड़े थे. संजीव कुमार पहली ही नजर में ड्रीम गर्ल को दिल दे बैठे थे और वो उनसे शादी करना चाहते थे. लेकिन हेमा हीमैन के प्यार में इस कदर कैद थीं कि उन्होंने संजीव कुमार का रिश्ता ठुकरा दिया था.
जितेंद्र से होने वाली थी हेमा की शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के दावों के अनुसार संजीव कुमार ने जितेंद्र के हाथों एक्ट्रेस के पास रिश्ता भेजवाया था और जंपिंक जैक ने मौका पर चौका मारते हुए एक्ट्रेस के सामने अपनी शादी का प्रस्ताव भी रख दिया था. जितेंद्र के साथ हेमा मालिनी की शादी की बात आगे भी बढ़ गई थी, लेकिन जैसे ही हीमैन को इस बात की भनक लगी, वो वहां पहुंच गए और उन्होंने रिश्ता तुड़वा दिया. हेमा मालिनी और धर्मेंद्र 1980 में शादी के बंधन में बंधे थे. दोनों की इस शादी से 2 बेटियां- अहाना देओल और ईशा देओल हैं. शादी के बाद ये कपल कुछ ही समय साथ रहा था, दोनों ने अपनी जिंदगी का ज्यादातर समय अलग-अलग ही बिताया.
