Notice: Trying to get property 'post_content' of non-object in /home/bharatbaani/htdocs/bharatbaani.com/wp-content/plugins/custom-css-js/custom-css-js.php on line 203
pm modi

08 अप्रैल 2025 (भारत बानी ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज फिल्म निर्माता और अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर दुख व्यक्त किया है। दिवंगत अभिनेता मनोज कुमार की पत्नी शशि गोस्वामी को पत्र लिखा। उन्होंने दिग्गज अभिनेता से मुलाकात को याद किया और भारतीय सिनेमा एवं देशभक्ति में उनके योगदान की प्रशंसा भी की।

पीएम मोदी ने पत्र में क्या लिखा?
पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा, ‘श्री मनोज कुमार जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। महान अभिनेता और फिल्म निर्माता ने अपनी फिल्मों के माध्यम से भारत के गौरव को सशक्त तरीके से प्रदर्शित किया। उनकी कई फिल्मों ने लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में मदद की। भारतीय संस्कृति और मूल्यों पर आधारित उनकी फिल्मों के गीत देश के प्रति प्रेम और समर्पण को व्यक्त करते हैं। लोग उन्हें हमेशा याद रखेंगे और गाएंगे।’

मनोज कुमार से हुई मुलाकातों को किया याद 
पीएम मोदी ने पत्र में आगे लिखा, ‘मैं श्री मनोज कुमार जी के साथ अपनी मुलाकातों और विचारशील बातचीत को हमेशा याद रखूंगा। उनका काम पीढ़ियों को देश और समाज के लिए काम करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उनका जाना फिल्म जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।’

मनोज कुमार का निधन
दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्माता का लंबी बीमारी के चलते 4 अप्रैल को सुबह 4:03 बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। अभिनेता के निधन के बाद पूरा देश शोक में डूब गया। अभिनेता को ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’ और ‘शहीद’ जैसी देशभक्ति फिल्मों में उनकी भूमिकाओं के लिए प्यार से भारत कुमार के रूप में जाना जाता था। भारतीय सिनेमा में उन्होंने अतुलनीय योगदान दिया है।

सारांश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज फिल्म निर्माता और अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर दुख जताते हुए उनकी पत्नी को एक पत्र लिखा। पीएम ने दिवंगत अभिनेता के साथ हुई मुलाकातों को भी याद किया। 



Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *