नई दिल्ली 09 सितंबर 2025 (भारत बानी ब्यूरो ) . डोनाल्ड ट्रंप के लिए लोग अक्सर ‘अनप्रीडिक्टेबल’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं. रात में कुछ और दिन में कुछ वाली छवि रखने वाले डोनाल्ड ट्रंप तब एक बार फिर सुर्खियों में छा गए जब उन्होंने एक तरफ उन्होंने पीएम मोदी को अपना सबसे खास दोस्त बताया और फिर दूसरी तरफ रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर सेकेंड्री टैरिफ लगाने की धमकी दे, जिसका सीधा असर भारत पर पड़ने वाला है. इस बीच सलमान खान के बाद ‘अनफिनिश्ड यूएसए टूर’ से लोगों का दिल जीत रहे बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह ने हाल ही में न्यू जर्सी में एक शो के दौरान म्यूजिक और मस्ती के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर एक चुटकी लेकर सभी को हैरान कर दिया.
न्यू जर्सी में हुए उनके हालिया कॉन्सर्ट में म्यूजिक और डांस के साथ-साथ दर्शकों को एक जबरदस्त मजाक भी सुनने को मिला. दरअसल, बादशाह ने स्टेज पर परफॉर्मेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर ऐसा मजाक किया कि पूरा हॉल तालियों और हंसी से गूंज उठा.
गाने के बोल बदलकर किया ट्रंप पर तंज
दरअसल, बादशाह जब वह करीना, सोनम और स्वरा की फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ के मशहूर गाने ‘तारीफां’ गा रहे थे, तभी उन्होंने अचानक इसके बोल बदल दिए. गाने की असली लाइन ‘किन्नियां तारीफां चाहीदी ऐ तैनूं’ की जगह उन्होंने ‘किन्नी टैरिफ चाहीए ट्रंप को…’ (ट्रम्प को कितना टैरिफ चाहिए) यह सुनते ही दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं और हंसी से पूरा माहौल गूंज गया. यह तंज अमेरिका में चल रही टैरिफ पॉलिसी और ट्रेड डिबेट पर एक हल्का-फुल्का व्यंग्य माना जा रहा है.
सलमान खान ने भी कसा था तंज
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भी अप्रत्यक्ष रूप से डोनाल्ड ट्रंप पर कटाक्ष किया था. ‘बिग बॉस 19’ के वीकेंड एपिसोड में जब घर के कंटेस्टेंट्स झगड़ों में उलझे थे, तो सलमान ने कहा- ‘जो सबसे ज्यादा ट्रबल फैला रहे हैं, उन्हें ही पीस प्राइज चाहिए.’ सलमान की यह टिप्पणी उस वक्त चर्चाओं में रही और इसे डोनाल्ड ट्रंप के नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा से जोड़कर देखा गया.
नए एलबम को लेकर चर्चाओं में बादशाह
बादशाह सिर्फ अपने कॉन्सर्ट्स ही नहीं, बल्कि अपने हालिया एलबम ‘Ek Tha Raja’ की सफलता का भी जश्न मना रहे . इस एलबम के गाने-‘God Damn’, ‘जवाब’ और ‘खुश्नुमा’फैंस के बीच खूब पॉपुलर हो रहे हैं. इसके अलावा, बादशाह ने हाल ही में अपनी 20 किलो वजन कम करने की जर्नी के बारे में भी बताया. उन्होंने साफ किया कि यह सब उन्होंने डाइट और एक्सरसाइज के जरिए किया है और उन्होंने किसी भी तरह की वेट-लॉस दवा जैसे Ozempic का इस्तेमाल नहीं किया.
