Notice: Trying to get property 'post_content' of non-object in /home/bharatbaani/htdocs/bharatbaani.com/wp-content/plugins/custom-css-js/custom-css-js.php on line 203

29 दिसंबर 2025 (भारत बानी ब्यूरो ) : अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य में रविवार को एक दर्दनाक हवाई हादसा हो गया. दक्षिणी न्यू जर्सी के ऊपर हवा में ही दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए. इस हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया. अधिकारियों के मुताबिक यह टक्कर अटलांटिक काउंटी के हैमोंटन म्युनिसिपल एयरपोर्ट के ऊपर सुबह करीब 11 बजकर 25 मिनट पर हुई. हैमोंटन पुलिस प्रमुख केविन फ्रायल ने बताया कि एयरपोर्ट के पास विमान दुर्घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें मौके पर भेजी गईं.

हेलीकॉप्टर का मॉडल क्या था?

हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक हेलिकॉप्टर तेज गति से घूमता हुआ नजर आ रहा है और फिर जमीन पर गिरकर तबाह हो जाता है. यह दृश्य बेहद भयावह था और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पुष्टि की है कि टक्कर में शामिल दोनों हेलिकॉप्टर एनस्ट्रॉम कंपनी के थे. एक हेलिकॉप्टर का मॉडल एफ 28 ए था, जबकि दूसरा 280 सी मॉडल का था. हादसे के वक्त दोनों हेलिकॉप्टर में केवल पायलट ही सवार थे. किसी भी हेलिकॉप्टर में कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था.

हादसे की हो रही जांच

अधिकारियों ने बताया कि एक पायलट की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दूसरे पायलट को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. फिलहाल दोनों पायलटों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि परिवार के सदस्यों को सूचना देने के बाद ही नाम जारी किए जाएंगे. इस हादसे की जांच अब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड मिलकर कर रहे हैं. जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर दोनों हेलिकॉप्टर एक ही हवाई क्षेत्र में कैसे आ गए और टक्कर क्यों हुई. जांच के दौरान उड़ान मार्ग, पायलटों के बीच संचार और तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जाएगा.

टक्कर का क्या हो सकता है कारण?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व विमान हादसा जांचकर्ता एलन डील ने कहा कि शुरुआती जांच में यह देखा जाएगा कि क्या दोनों पायलट एक दूसरे को समय रहते देख पाए थे या नहीं. उनके मुताबिक ज्यादातर हवाई टक्करों की वजह यही होती है कि पायलट सामने आ रहे विमान को समय पर नहीं देख पाते. उन्होंने कहा कि जांचकर्ता यह भी देखेंगे कि कहीं कोई हेलिकॉप्टर दूसरे की ब्लाइंड साइड से तो नहीं आ रहा था. मौसम को लेकर भी शुरुआती जानकारी सामने आई है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वक्त मौसम बेहद खराब नहीं था.

सारांश:
अमेरिका में एक दर्दनाक हवाई हादसा सामने आया है, जहां आसमान में दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस भीषण टक्कर में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा पायलट गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। हादसे के बाद प्रशासन और आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *