19 फरवरी 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) :    ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का 7 फरवरी को आगाज हुआ था और 18 फरवरी तक सुपर-8 की सभी 8 टीमें तय हो गईं। इस बीच विराट कोहली के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है। दरअसल,  पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मैच में ऐसा धमाका किया, जिससे विराट कोहली के कीर्तिमान के टूटने की संभावना नजर आ रही है।

विराट कोहली के रिकॉर्ड पर खतरा

नामीबिया के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में फरहान ने शानदार शतक जड़कर न सिर्फ पाकिस्तान की सुपर-8 की उम्मीदें जिंदा रखीं, बल्कि एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर भी कदम बढ़ा दिए। नामीबिया के खिलाफ फरहान की विस्फोटक पारी की बदौलत पाकिस्तान ने 200 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। T20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब किसी पाकिस्तानी बल्लेबाज ने शतक लगाया हो। इससे पहले 2014 में अहमद शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ 111 रन बनाए थे।

T20 वर्ल्ड कप 2026 के चार मैचों में फरहान के अब 220 रन हो चुके हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। अब उन्हें T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सिर्फ 100 रनों की जरूरत है। यह रिकॉर्ड फिलहाल विराट कोहली के नाम है, जो उन्होंने T20 वर्ल्ड कप 2014 में बनाया था। उस वर्ल्ड कप में विराट के बल्ले से 6 मैचों में 319 रन निकले थे।

T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • विराट कोहली – 319 रन (2014)
  • तिलकरत्ने दिलशान – 317 रन (2009)
  • बाबर आजम – 303 रन (2021)
  • महेला जयवर्धने – 302 रन (2010)
  • विराट कोहली – 296 रन (2022)

पाकिस्तान अब सुपर-8 में पहुंच चुका है, जहां फरहान को श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ कम से कम तीन और पारियां खेलने का मौका मिलेगा। ऐसे में उनके पास कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका होगा।

सारांश:
विराट कोहली के एक विश्व क्रिकेट रिकॉर्ड पर खतरा मंडरा रहा है। एक पाकिस्तानी ओपनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केवल 100 रन दूर रहकर इतिहास रचने का मौका पा लिया है। इस स्थिति ने क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों में उत्सुकता बढ़ा दी है कि क्या कोहली का रिकॉर्ड जल्द ही टूट सकता है या नहीं।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *