25 फरवरी 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : आजकल फिट रहने के लिए लोग जिम, योग, पिलेट्स, रनिंग और हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग जैसी कई तरह की एक्सरसाइज करते हैं। लेकिन एक तरीका ऐसा भी है जो सबसे आसान और सस्ता है-वॉकिंग। न किसी महंगे उपकरण की जरूरत, न किसी तरह की मेंबरशिप फीस, बस अच्छे जूते पहनिए और चलना शुरू कर दीजिए। भारतीय परिवारों में खासकर खाना खाने के बाद टहलने की आदत आम है। कई लोग मानते हैं कि सिर्फ वॉकिंग ही फिट रहने के लिए काफी है। लेकिन क्या सच में ऐसा है?

फिटनेस के लिए क्या सिर्फ वॉक काफी है?

फिटनेस एक्सपर्ट्स का कहना है कि वॉकिंग एक अच्छी फिजिकल एक्टिविटी है, लेकिन इसे पूरा वर्कआउट नहीं माना जा सकता। चलने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, मूड अच्छा रहता है, जोड़ों की मूवमेंट बनी रहती है और तनाव कम होता है। यह दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद है और वजन कंट्रोल में मदद करती है। खासकर जो लोग फिटनेस की शुरुआत कर रहे हैं, जो बुजुर्ग हैं या बीमारी और चोट के बाद दोबारा एक्टिव हो रहे हैं, उनके लिए तेज चाल से नियमित वॉकिंग बहुत अच्छी शुरुआत हो सकती है।

वॉक के साथ जरूरी है स्ट्रेंथ ट्रेनिंग

लेकिन सिर्फ चलने से मांसपेशियां ज्यादा मजबूत नहीं बनतीं। उम्र बढ़ने के साथ शरीर की मसल्स कम होने लगती हैं। अगर हम उन्हें चुनौती नहीं देंगे, तो वे धीरे-धीरे कमजोर हो जाएंगी। इसलिए हफ्ते में 2 से 4 दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, जैसे वेट लिफ्टिंग या बॉडी वेट एक्सरसाइज, करना जरूरी माना जाता है। इससे मेटाबॉलिज्म बेहतर रहता है और हड्डियां भी मजबूत होती हैं।

वॉक करते वक्त किन बातों का ध्यान रखें?

ध्यान रखें कि हर वॉक एक जैसी नहीं होती। बाजार में आराम से घूमना और फिटनेस के लिए तेज चाल से चलना अलग बात है। एक आसान तरीका यह है कि चलते समय आप बात तो कर सकें, लेकिन गाना न गा सकें, तो समझिए आपकी स्पीड सही है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि हफ्ते में कम से कम 150 मिनट मीडियम स्पीड से चलें, रोज 7,000 से 10,000 कदम का लक्ष्य रखें और 30 से 45 मिनट तेज चाल से वॉक करें। सीधी रीढ़, ढीले कंधे और स्वाभाविक हाथों की मूवमेंट पर ध्यान दें। सीढ़ियां या ढलान जोड़ने से और फायदा मिलता है।

मसल्स को मजबूत बनाना भी है जरूरी

अगर आप सिर्फ हेल्दी रहने के लिए वॉक कर रहे हैं तो ये सही व्यायाम है। तनाव कम करना और रोज एक्टिव रहना है, तो नियमित तेज चाल से वॉकिंग काफी हो सकती है। लेकिन अगर आप मांसपेशियां मजबूत करना चाहते हैं, शरीर को टोंड और एथलेटिक बनाना चाहते हैं, तो सिर्फ वॉकिंग पर निर्भर रहना सही नहीं होगा। बेहतर फिटनेस के लिए वॉकिंग के साथ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और दूसरी एक्सरसाइज भी शामिल करें।

सारांश:

सिर्फ वॉकिंग करने से शरीर को बेसिक फिटनेस तो मिल सकती है, लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार यह पूरी तरह से फिट रहने के लिए पर्याप्त नहीं है। फिट रहने के लिए कार्डियो, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और फ्लेक्सिबिलिटी एक्सरसाइज का संतुलित मिश्रण जरूरी होता है। साथ ही, सही खान-पान और पर्याप्त नींद भी शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *