25 फरवरी 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 1 साल में किए गये कार्यों की खुद ही जमकर तारीफ की है। उन्होंने स्टेट ऑफ़ द यूनियन-2026 में बोलते हुए कहा कि हमने 12 महीने में सदियों का बदलाव कर दिया है, जो आज से पहले कोई नहीं कर पाया। ट्रंप ने कहा कि यह अमेरिका का गोल्डेन एज है।
मेरे सत्ता में आने पर देश की हालत थी बहुत खराब
ट्रंप ने कहा,”हम और बेहतर करते रहेंगे। यह अमेरिका का गोल्डन एज है। जब मैंने 12 महीने पहले इस चैंबर में बात की थी, तो मुझे एक ऐसा देश विरासत में मिला था जो संकट में था, जिसकी इकॉनमी रुकी हुई थी, महंगाई रिकॉर्ड लेवल पर थी, बॉर्डर पूरी तरह खुला था, मिलिट्री और पुलिस में भर्ती बहुत खराब थी, देश में क्राइम बहुत ज़्यादा था और पूरी दुनिया में जंग और अफ़रा-तफ़री मची हुई थी, लेकिन सिर्फ़ एक साल बाद आज रात मैं पूरे सम्मान और गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमने ऐसा बदलाव किया है जैसा पहले कभी किसी ने नहीं देखा और यह सदियों का बदलाव है। यह सच में सदियों का बदलाव है।”
ट्रंप बोले-अपना “ड्रिल बेबी ड्रिल” का वादा निभाया
ट्रंप ने कहा, “अमेरिकी प्राकृतिक गैस उत्पादन अब तक के उच्चतम स्तर पर है, क्योंकि मैंने ड्रिल, बेबी, ड्रिल का अपना वादा निभाया। उन्होंने कहा कि हमने बहुत कम समय में ही 70,000 नए निर्माण रोजगार जोड़े हैं। यह और बड़ा व मजबूत हो रहा है। अमेरिकी तेल उत्पादन प्रतिदिन 6 लाख बैरल से अधिक बढ़ गया है और हमने हमारे नए मित्र और साझेदार वेनेजुएला से 8 करोड़ से अधिक बैरल तेल प्राप्त किया है।
पहले हम थे मृत देश
ट्रंप ने कहा कि कुछ समय पहले हम एक मृत देश थे। अब हम दुनिया में सबसे गर्म देश हैं। पिछली सरकार के चार लंबे वर्षों में अमेरिका में 1 ट्रिलियन डॉलर से भी कम नया निवेश आया। जबकि पिछले 12 महीनों में मैंने दुनिया भर से 18 ट्रिलियन डॉलर से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धताएं हासिल की हैं। सोचिए, चार सालों में 1 ट्रिलियन से कम बनाम एक साल में 18 ट्रिलियन से अधिक। एक राष्ट्रपति कितना फर्क ला सकता है। ट्रंप ने कहा कि बाइडेन प्रशासन और कांग्रेस में उसके सहयोगियों ने हमें हमारे देश के इतिहास की सबसे खराब मुद्रास्फीति दी, लेकिन पिछले 12 महीनों में मेरे प्रशासन ने कोर मुद्रास्फीति को पांच साल से अधिक समय में सबसे निचले स्तर पर ला दिया है। 2025 के अंतिम तीन महीनों में यह 1.7 प्रतिशत तक गिर गई।
अवैध प्रवासी और फेंटेनिल का प्रवाह रोका
ट्रंप ने कहा कि पिछले नौ महीनों में संयुक्त राज्य अमेरिका में शून्य अवैध प्रवासी भर्ती किए गए हैं। हम हमेशा कानूनी रूप से आने वालों को अनुमति देंगे। वे लोग जो हमारे देश से प्यार करेंगे और इसे बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। हमारे बॉर्डर से घातक फेंटेनिल का प्रवाह एक साल में रिकॉर्ड 56 प्रतिशत कम हो गया है। पिछले साल हत्या दर में दर्ज इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट आई है। यह 125 वर्षों से अधिक समय में सबसे कम संख्या है, जो सबसे बड़ी गिरावट है।
ट्रंप ने आगे कहा कि मेरे पूर्ववर्ती के समय कुछ राज्यों में पेट्रोल की कीमत 6 डॉलर प्रति गैलन से अधिक पहुंच गई थी। यह सचमुच एक आपदा थी। अब अधिकांश राज्यों में यह 2.30 डॉलर प्रति गैलन से नीचे है, और कुछ जगहों पर 1.99 डॉलर प्रति गैलन। कुछ हफ्ते पहले जब मैं महान राज्य आयोवा गया था, तो मैंने वहां पेट्रोल 1.85 डॉलर प्रति गैलन के भाव पर देखा।
आठ युद्ध रोकवाने का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने भाषण में 8 युद्ध रोकवाने का दावा किया। इस दौरान उन्होंने फिर भारत-पाक युद्ध रोकवाने का दावा किया, जिसे भारत बार-बार खारिज कर चुका है। ट्रंप ने कहा कि मैं बीच में नहीं आता तो परमाणु युद्ध शुरू हो जाता और 35 मिलियन लोग मारे जाते।
सारांश:
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कार्यकाल के पहले 12 महीनों में किए गए सुधारों और उपलब्धियों का दावा किया। स्टेट ऑफ़ द यूनियन संबोधन में उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल ने अमेरिका के लिए सदियों का बदलाव लाया है और देश अब “गोल्डेन एज” में प्रवेश कर चुका है। ट्रंप ने आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और राष्ट्रीय सुरक्षा पर अपने प्रयासों को भी रेखांकित किया।
