05 मार्च 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेेडियम में T20 वर्ल्ड कप 2026 का बड़ा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। फाइनल का टिकट दांव पर है, लेकिन इस अहम मैच से पहले टीम इंडिया के सामने कुछ चुनौतियां भी खड़ी हैं। खासतौर पर वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा की फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे है। इस बीच गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल का बयान सामने आया है
मोर्कल का भरोसा कायम
भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने वरुण चक्रवर्ती का खुलकर समर्थन किया है। उनका मानना है कि वरुण के पास इतनी वेरिएशन और स्किल है कि वह लगभग हर गेंद पर विकेट लेने की काबिलियत रखते हैं। मोर्कल ने कहा कि अगर उनसे कोई चौका लग भी जाता है तो इसका मतलब है कि गेंद योजना के अनुसार नहीं डाली गई। ऐसे में जरूरी है कि वह पिछली गेंद को भूलकर अगली गेंद पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ ध्यान दें।
उन्होंने आगे कहा कि वरुण बेहद हुनरमंद गेंदबाज हैं और क्रीज पर आते ही बल्लेबाजों के लिए उन्हें पढ़ पाना आसान नहीं होता। उन्हें सिर्फ अपनी रफ्तार, लेंथ और नियंत्रण पर फोकस रखते हुए ज्यादा सोचने से बचना होगा। मोर्केल के अनुसार, कभी-कभी टीम के लिए बड़ा प्रदर्शन करने की चाह में वरुण खुद पर दबाव बना लेते हैं, लेकिन वह टीम के लिए मैच विनर हैं और अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंद डालने पर ध्यान दें, तो कमाल कर सकते हैं। उसे बस हर बॉल पर टिके रहना है और यह पक्का करना है कि यह उसकी बेस्ट बॉल हो
अभिषेक शर्मा के सपोर्ट में कही बड़ी बात
T20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। 6 मैचों में वह सिर्फ 80 रन बना सके हैं, जिसमें लगातार तीन डक भी शामिल हैं। हालांकि मोर्केल ने उनका भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट कभी-कभी बहुत मुश्किल और निर्दयी खेल साबित होता है। हर खिलाड़ी के करियर में ऐसे दौर आते हैं, जैसा संजू सैमसन के साथ भी हुआ। युवा खिलाड़ी के रूप में यह उनके लिए सीखने और आगे बढ़ने का मौका है, जो भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए फायदेमंद साबित होगा।
मोर्कल ने भरोसा जताया कि अभिषेक को सिर्फ एक-दो अच्छे शॉट की जरूरत है, जिससे उनका आत्मविश्वास लौट आएगा। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो तकनीक की चिंता कम करते हैं और अपने नेचुरल गेम पर भरोसा रखते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि अभिषेक ने कुछ समय पहले ही इंग्लैंड के खिलाफ इसी मैदान पर शतक भी जड़ा था। कोच ने कहा कि यह उनके लिए एक नई शुरुआत है। सेमीफाइनल में उनके पास खुद को साबित करने का एक और मौका होगा।
सारांश:
सेमीफाइनल से पहले वरुण और अभिषेक की फॉर्म को लेकर सवाल उठने लगे थे, जिससे टीम और फैन्स के बीच चर्चा शुरू हो गई। इस पर टीम के कोच ने बेबाक और स्पष्ट बयान देते हुए खिलाड़ियों का समर्थन किया और उनके प्रदर्शन को लेकर उठ रहे संदेहों को खारिज किया। कोच ने कहा कि दोनों खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुसार मैच में योगदान देंगे और टीम की रणनीति में उनकी अहम भूमिका रहेगी।
