13 अगस्त, 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का ड्राफ्ट आज, 13 अगस्त, जारी किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा कराए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के पहले चरण के बाद राज्य के मतदाताओं की संख्या में करीब 20.66 लाख की कमी आई है।
SIR के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) ने घर-घर जाकर मतदाताओं के रिकॉर्ड का सत्यापन और पुराने रिकॉर्ड से मैपिंग की। इस प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे नाम सामने आए जिन्हें स्थानांतरित, मृत या अन्य कारणों से मौजूदा सूची से हटाए जाने की जरूरत पड़ी।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, करीब 12 लाख मतदाताओं के फॉर्म 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं हो सके। ऐसे मामलों में मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा।
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर सकेंगे। जिन पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा पेश कर सकते हैं। इसी तरह गलत तरीके से दर्ज नाम या अन्य त्रुटियों को लेकर आपत्ति भी दर्ज की जा सकेगी।
ECI ने पंजाब में मतदाता सूची संशोधन का कार्यक्रम बढ़ाते हुए ड्राफ्ट प्रकाशन की तारीख 13 अगस्त और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 12 अक्टूबर 2026 तय की है।
2027 में पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में नई मतदाता सूची आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगी।
