नई दिल्ली 09 सितम्बर 2024. देश-विदेश में मेडिकल की पढ़ाई काफी अहम मानी जाती है. सबसे अच्छी बात है कि मेडिकल एजुकेशन के लिए किसी तरह की उम्र सीमा निर्धारित नहीं की गई है. मलेशिया के रहने वाले एक व्यक्ति ने 70 साल की उम्र में मेडिकल की पढ़ाई पूरी की है. कुछ ग्लोबल मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी उम्र 71 साल भी बताई जा रही है. इस रिटायर्ड एग्जीक्यूटिव ने मेडिकल स्कूल से ग्रेजुएशन करके बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
मलेशिया के Toh Hong Keng का नाम दुनिया के सबसे उम्रदराज मेडिकल स्कूल ग्रेजुएट्स में शामिल हो गया है. उन्होंने जुलाई 2024 में फिलीपींस के सेबू में स्थित साउथवेस्टर्न यूनिवर्सिटी PHINMA से मेडिकल की पढ़ाई पूरी की है. तोह होंग केंग के क्लासमेट्स ने जब पहले दिन उन्हें क्लास में देखा तो उन्हें नया प्रोफेसर मान लिया था. उन्हें यह समझने में काफी वक्त लगा कि तोह हेंग केन उनके सहपाठी थे और अब हर लेक्चर में उनके साथ ही रहेंगे.
आसान नहीं था इस उम्र में पढ़ाई करना
Toh Hong Keng ने सीएनएन को बताया कि इस उम्र में पढ़ाई करने के फैसले से उनके परिजन और दोस्त काफी सरप्राइज्ड थे. उन्हें वह क्रेजी लग रहे थे. Toh Hong Keng ने 70 साल की उम्र में मेडिकल ग्रेजुएट होने का अपना अनुभव बताया है. उनके लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था. उन्होंने CNN को बताया कि 65 से 70 साल की उम्र में उनकी याददाश्त, आईसाइट, सुनने की क्षमता और शरीर उतना फिट नहीं है, जितना स्कूल-कॉलेज के दिनों में था.
रिटायरमेंट के बाद लिया बड़ा फैसला
तोह होंग केंग ने टेक सेल्स के क्षेत्र में काम किया है. रिटायरमेंट के बाद उन्होंने गोल्फ खेलने या इधर-उधर समय बर्बाद करने के बजाय एनाटॉमी की किताबें पढ़ने का फैसला किया. यह बहुत कठिन था. थर्ड ईयर में बाल चिकित्सा परीक्षा (Paediatrics) में फेल होने के बाद उन्हें 1 साल के लिए क्लासेस अटेंड करने से रोक दिया गया था. वहीं मेडिकल एजुकेशन के फाइनल ईयर में उन्हें प्राइवेट और सरकारी हॉस्पिटल मेंं 1 साल की प्लेसमेंट ड्राइव पूरी करने के लिए 30 घंटों की लगातार शिफ्ट भी करनी पड़ी.
मेडिकल से पहले किए कई कोर्स
5 साल के इस सफर में तोह होंग केंग के परिजनों, दोस्तों और क्लासमेट्स ने उन्हें काफी सपोर्ट किया. ये सभी उन्हें आगे बढ़ने के लिए मोटिवेट करते रहे. मेडिकल की पढ़ाई करने से पहले वह इकोनॉमिक्स, केमिस्ट्री और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग जैसे कई कोर्स भी किए हैं. साउथवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के डीन की मानें तो इन 5 सालों में तोह होंग केंग ने किसी स्पेशल फेवर की कभी डिमांड नहीं की. यहां एडमिशन के लिए उन्होंने एंट्रेंस एग्जाम और इंटरव्यू राउंड पास किया था.
