2 मार्च 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : T20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है। भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच के नतीजे के साथ ही सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं। साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही। अब 4 और 5 मार्च को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में जहां साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच टक्कर होगी। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। भारत डिफेंडिंग चैंपियन है और उसकी नजरें लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल करने पर टिकी हैं।

भारत बनाम इंग्लैंड

टीम इंडिया ने अब तक टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया को टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक हार का सामना करना पड़ा है। सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इस हार से सबक लेते हुए टीम इंडिया ने अपने आखिरी दोनों सुपर-8 मैच जीतते हुए अंतिम-4 में जगह बनाई। अब सूर्या के सामने इंग्लैंड की कड़ी चुनौती होगी, जो शानदार लय में चल रही है। इंग्लैंड के खिलाफ इस अहम मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन और साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स को पछाड़ने का शानदार मौका होगा।

सूर्या के पास बेहतरीन चांस

दरअसल, सूर्यकुमार यादव T20 वर्ल्ड कप के 25 मैचों की 24 पारियों में 39.50 के औसत और 150.63 के स्ट्राइक रेट से 711 रन बना चुके हैं। इसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं। अगर भारतीय कप्तान इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 17 रन भी बना देते हैं, तो वह एबी डिविलियर्स और केन विलियमसन दोनों को पछाड़ते हुए T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में शुमार हो जाएंगे।  फिलहाल सूर्यकुमार सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 12वें पायदान पर हैं। बता दें, एबी डिविलियर्स के नाम T20 वर्ल्ड कप में 717 रन दर्ज हैं, जबकि केन विलियमसन ने 727 रन बनाए हैं।

T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात की जाए तो विराट कोहली 1292 रनों के साथ टॉप पर हैं। वहीं, दूसरे पायदान पर रोहित शर्मा हैं। रोहित के नाम 1220 रन दर्ज हैं। जोस बटलर 1075 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। महेला जयवर्धने 1016 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं।

सारांश:

भारतीय बल्लेबाज Suryakumar Yadav एक बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। उन्हें Kane Williamson और AB de Villiers जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ने के लिए केवल 17 रनों की जरूरत है। अगर वह अगली पारी में यह आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो एक और खास उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *