23 सितंबर 2026 (भारत बाणी ब्यूरो) : टीम इंडिया के खिलाफ अगले महीने शुरू हो रही 5 मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान हो गया है। मिचेल सैंटनर की कप्तानी में कीवी टीम भारत से दो-दो हाथ करने उतरेगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के सिलेक्टर्स ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान इस सीरीज के लिए किया है। 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली टी20 सीरीज के बाद इतने ही मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन भी होना है और फिर दो मैचों की टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत खेली जाएगी, जो बहुत ज्यादा अहम है।
16 सदस्यीय टीम में 7 तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया है, जो इस सिलेक्शन की सबसे बड़ी हाईलाइट है। ऐसे में संभावना है कि भारत भी कुछ अतिरिक्त तेज गेंदबाजों के साथ न्यूजीलैंड जाएगा। इसके अलावा इस टीम में 13 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो फरवरी-मार्च में भारत में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेले थे। इनमें चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर होने वाले माइकल ब्रेसवेल और एडम मिल्ने का नाम भी शामिल है। मिल्ने करीब एक साल से न्यूजीलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले हैं।
तेज गेंदबाजी में एडम मिल्ने के अलावा लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी, जैक फाउल्कस और नैथन स्मिथ का नाम शामिल है। बैटिंग ऑलराउंडर रचिन रविंद्र इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि वे चोट के कारण टीम से बाहर हैं। एक शूट के दौरान उनका कंधा डिस्लोकेट हो गया था। वे वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध हो सकते हैं, जो नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू होगी। वहीं, बेन सीयर्स को लेकर बोर्ड ने जानकारी दी है कि वे अभी चोट से उबर रहे हैं। वे रिहैब के प्रोसेस में रहेंगे।
न्यूजीलैंड की टी20 टीम इस प्रकार है
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, ज़ैक फाउल्केस, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट और नाथन स्मिथ
T20 World Cup 2026 के फाइनल के बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी, जब 22 अक्टूबर को पहला टी20 इंटरनेशनल मैच हेग्ले ओवल में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि इंडिया सीरीज एक रोमांचक मौका है। वाल्टर ने कहा, “इंडिया का हमारे यहां स्वागत करना और गर्मियों की शुरुआत करना बहुत बढ़िया होगा। इंडिया एक क्वालिटी टीम है और एक चैलेंजिंग अपोनेंट्स हैं, इसलिए कीवी फैंस के सामने अपने ही हालात में उनका सामना करना वाकई रोमांचक है।”
इंडिया का न्यूजीलैंड दौरा: T20 सीरीज का शेड्यूल
22 अक्टूबर को पहला टी20 मैच क्राइस्टचर्च में
24 अक्टूबर को दूसरा टी20 मैच क्राइस्टचर्च में
27 अक्टूबर को तीसरा टी20 मैच वेलिंग्टन में
30 अक्टूबर को चौथा टी20 मैच ऑकलैंड में
1 नवंबर को पांचवां टी20 मैच हेमिल्टन में
