Notice: Trying to get property 'post_content' of non-object in /home/bharatbaani/htdocs/bharatbaani.com/wp-content/plugins/custom-css-js/custom-css-js.php on line 203

05 जून 2025 (भारत बानी ब्यूरो ) : इस समय आम का सीजन चल रहा है. आपको जगह-जगह ठेलों पर आम मिल जाएंगे. यह गर्मियों में हर किसी का पसंदीदा होता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा कि हमारे बड़े-बुजुर्ग आम को खाने से पहले पानी में क्यों भिगोते थे? यह सिर्फ एक पुरानी परंपरा नहीं, बल्कि इसके पीछे वैज्ञानिक कारण और सेहत से जुड़े कई फायदे हैं. आम को भिगोने से न केवल उसका स्वाद बेहतर होता है, बल्कि यह कई हानिकारक तत्वों को भी हटा देता है. आइए जानते हैं कि खाने से पहले आम को भिगोना क्यों जरूरी है और इसके क्या-क्या फायदे हैं.

TOI की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे पहला कारण है आम की सतह पर मौजूद हानिकारक तत्वों को हटाना. जब आम को पेड़ से तोड़ा जाता है, तो इसके तने से एक दूधिया पदार्थ निकलता है, जिसे सैप कहते हैं. इस सैप में कुछ ऐसे रसायन होते हैं, जो त्वचा में जलन या एलर्जी पैदा कर सकते हैं. इसके अलावा, आम की छिलके पर फाइटिक एसिड नामक एक एंटी-न्यूट्रिएंट भी होता है, जो शरीर में मिनरल्स के अवशोषण को रोक सकता है और पाचन संबंधी समस्याएं पैदा कर सकता है. आम को 20-30 मिनट पानी में भिगोने से यह सैप और फाइटिक एसिड पानी में घुल जाते हैं, जिससे आम खाने के लिए सुरक्षित और पचाने में आसान हो जाता है.

दूसरा बड़ा कारण है शरीर की गर्मी को कम करना. आयुर्वेद के अनुसार, आम में गर्म तासीर होती है, जो शरीर में गर्मी बढ़ा सकती है. पानी में भिगोने से इसकी तासीर को संतुलित किया जा सकता है, जिससे यह खाने के बाद भारीपन या जलन की समस्या नहीं पैदा करता. यह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो गर्मी में पेट की जलन या एसिडिटी से परेशान रहते हैं. तीसरा फायदा है स्वाद में सुधार. पानी में भिगोने से आम का स्वाद नरम और ताज़ा हो जाता है. कई बार ताज़ा तोड़े गए आम में कसैला स्वाद होता है, जो भिगोने के बाद कम हो जाता है.

इससे आम का प्राकृतिक मिठास और रसीलापन बढ़ जाता है, जिससे इसे खाने का अनुभव और भी बेहतर हो जाता है. चौथा, आम को भिगोने से कीटनाशकों और रसायनों को हटाने में भी मदद मिलती है. आजकल बाजार में मिलने वाले कई आमों को जल्दी पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है. यह रसायन सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है और पेट दर्द, उल्टी या एलर्जी जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है. पानी में भिगोने से ये रसायन काफी हद तक हट जाते हैं. इसके लिए आप आम को हल्के गुनगुने पानी में बेकिंग सोडा डालकर भिगो सकते हैं. अंत में, भिगोने से आम की सतह पर मौजूद धूल, मिट्टी और बैक्टीरिया भी साफ हो जाते हैं, जिससे यह ज्यादा साफ और सुरक्षित हो जाता है. तो अगली बार जब आप आम खाएं, तो उसे 20-30 मिनट पानी में जरूर भिगोएं. ये टिप्स आपको कई बीमारियों से बचा सकती है.

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *