नई दिल्ली 06 जून 2025 (भारत बानी ब्यूरो ) : अपने तेज गेंदबाजों की चोट से जूझ रही इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए राहत भरी खबर है. बयानों की माने तो जोफ्रा आर्चर अगले महीने भारत के खिलाफ टीम के दूसरे टेस्ट मैच के लिए वापसी कर सकते हैं. जोफ्रा आर्चर ने अपना आखिरी टेस्ट चार साल पहले खेला था.

दो जुलाई से होगा दूसरा टेस्ट
जोफ्रा आर्चर के कमबैक पर ये बयान इंग्लैंड के राष्ट्रीय चयनकर्ता ल्यूक राइट की ओर से आया है. भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला दो से छह जुलाई तक एजबस्टन में होगा.

2021 से प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेले
30 वर्षीय आर्चर ने कई बार चोटिल होने के कारण 2021 से प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेला है और हेडिंग्ले में पहले टेस्ट के लिए टीम में उनके चयन के लिए भी विचार नहीं किया गया क्योंकि वह हाल ही में समाप्त हुई इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान अंगूठे में हुए फ्रेक्चर से उबरने की कोशिश कर रहे हैं.

इस रास्ते होगी इंग्लैंड टीम में वापसी
राइट ने कहा, ‘आर्चर काफी अच्छी तरह उबर रहे हैं. उनके लिए योजना यह है कि वह कुछ प्रथम श्रेणी मैच खेलें. ससेक्स की दूसरी टीम का हिस्सा बनें और फिर पहले टेस्ट के दौरान डरहम के खिलाफ ससेक्स के लिए खेलें. अगर सब कुछ ठीक रहा तो वह ससेक्स के लिए खेलेगा और फिर अगर सब कुछ ठीक रहा तो उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हो जाएगा.’

पेस अटैक ही बना इंग्लैंड की कमजोरी
अंगूठे की चोट के कारण वह 29 मई से तीन जून के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड की एकदिवसीय श्रृंखला से भी चूक गए. आर्चर और तेज गेंदबाज मार्क वुड की अनुपस्थिति में इंग्लैंड का तेज गेंदबाजी विभाग क्षमता और अनुभव के मामले में कुछ कमजोर दिखता है. मार्च में लगी घुटने की चोट के कारण वुड क्रिकेट से दूर हैं. राइट ने कहा कि वुड भारत के खिलाफ श्रृंखला के दूसरे हाफ में चयन के दावेदार हो सकते हैं.

सारांश:
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, जिन्हें ‘ब्लैक थंडर’ कहा जाता है, चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी को तैयार हैं। वह भारत के खिलाफ आगामी मुकाबलों में इंग्लैंड की टीम का हिस्सा होंगे। आर्चर की रफ्तार और स्विंग से टीम इंडिया को मुश्किलें हो सकती हैं। चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहे आर्चर अब पूरी फिटनेस के साथ वापसी करने को बेकरार हैं।

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *