दुबई 12 दिसंबर 2025 (भारत बानी ब्यूरो ) : वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक 171 रन के बूते भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप में 433 रन बनाते हुए इतिहास रच दिया. टूर्नामेंट के इतिहास में आज तक कभी 400 रन भी नहीं बने थे, लेकिन भारतीय टीम ने नई इबारत लिखते हुए सबसे बड़ा स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट खोकर 433 रन बनाए.
वैभव सूर्यवंशी ने 56 गेंद में ठोकी सेंचुरी
इस मैच में 14 साल के वैभव सूर्वयंशी ने 56 गेंद में शतक जमाया और आउट होने से पहले 95 गेंदों में 171 रन ठोके. इस आतिशी पारी से उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है. उनके हर शॉट में क्लास था. हर रन में कॉन्फिडेंस था. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में नौ चौके और 14 छक्के लगाए.
14 छक्के जड़कर वैभव सूर्यवंशी ने बनाया रिकॉर्ड
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 14 छक्के लगाते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया. वैभव अब एक यूथ वनडे मैच में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के नाम था. हिल ने 2008 में नामीबिया के खिलाफ 12 सिक्स उड़ाए थे.
आयुष म्हात्रे फिर फेल, किसने बनाए कितने रन?
वैभव सूर्यवंशी के 171 रन के अलावा तीसरे नंबर पर उते आरोन जॉर्ज ने 73 गेंद में 69 रन तो विहान मल्होत्रा ने 55 गेंद में 69 रन बनाए. वैभव के आउट होने के बाद धीमी पड़ी रन गति को अभिज्ञान कुंडू और कनिष्क चौहान ने संभाला. दोनों के बीच तेज साझेदारी हुई. विकेटकीपर अभिज्ञान ने 17 गेंद में नाबाद 32 रन तो कनिष्क चौहान ने 12 गेंद में 28 रन का योगदान दिया. इससे पहले कप्तान आयुष म्हात्रे 11 गेंद में सिर्फ चार रन बनाकर चलते बने.
सारांश:
वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार 171 रन ठोकते हुए टीम इंडिया को U-19 एशिया कप में 433 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने टूर्नामेंट इतिहास का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया और विपक्षी टीम पर दबदबा कायम किया।
