06 मार्च 2026 (भारत बानी ब्यूरो ) : भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेला जाएगा। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर खिताबी भिड़ंत के लिए अपनी सीट बुक कर ली है। भारत ने जहां एक ओर इंग्लैंड को मात दी है, वहीं न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराने में कामयाबी हासिल की है। इस बीच आपको जानना चाहिए कि टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल कब होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच कब और कहां खेला जाएगा। चलिए आपको पूरी बात बताते हैं
भारत ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया
टी20 विश्व कप 2026 की दो फाइनलिस्ट मिल चुकी हैं। इस बार टूर्नामेंट में कुल मिलाकर 20 टीमों ने हिस्सा लिया था। 18 टीमें अब तक बाहर हो चुकी हैं और दो ही टीमें खिताब की दावेदार बची हैं। भारतीय टीम ने गुरुवार रात को इंग्लैंड को 7 रन से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। अब बारी फाइनल की है, जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। इस बीच दो दिन का गैप है और इसके बाद खिताबी भिड़ंत होगी।
8 मार्च को खेला जाएगा भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच 8 मार्च को खेला जाएगा। इस दिन रविवार है तो छुट्टी के दिन आपको कोई दिक्कत भी नहीं होने वाली। मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। जहां इससे पहले साल 2023 में वनडे विश्व कप का फाइनल भी यहीं खेला गया था, हालांकि तब टीम इंडिया खिताब मैच हार गई थी। अब देखना होगा कि अहमदाबाद के इस स्टेडियम में क्या होता है। मैच के वक्त की बात की जाए तो ये शाम को सात बजे से शुरू होगा। इससे आधे घंटे पहले यानी साढ़े छह बजे टॉस होगा। अगर पूरे 40 ओवर का मैच हुआ तो करीब साढ़े दस बजे तक टी20 क्रिकेट का चैंपियन मिल जाएगा। हो सकता है कि इससे पहले भी मैच खत्म हो जाए।
सूर्यकुमार यादव के लिए कप्तान के तौर पर पहला आईसीसी टूर्नामेंट
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने इस साल के विश्व कप में कमाल का खेल दिखाया है। केवल साउथ अफ्रीका से ही टीम इंडिया एक मैच हारी है, बाकी सभी मैच जीतते चली गई है। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि एक और मैच जीतकर खिताब अपने नाम किया जाए। सूर्यकुमार यादव कप्तान के तौर पर पहली बार कोई आईसीसी टूर्नामेंट खेल रहे हैं। वे भी कोशिश करेंगे कि उनके लिए ये टूर्नामेंट ऐतिहासिक बन जाए। देखना होगा कि टीम फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है।
सारांश:
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। फैंस के लिए यह जानना जरूरी है कि यह मैच कब और किस दिन खेला जाएगा। फाइनल की तारीख और दिन की जानकारी सामने आते ही क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह और रोमांच बढ़ गया है। इस मैच को लेकर देशभर में चर्चा और चीयरिंग का माहौल बन गया है।
