Warning: Attempt to read property "post_content" on null in /home/bharatbaani/htdocs/bharatbaani.com/wp-content/plugins/custom-css-js/custom-css-js.php on line 203

चंडीगढ़, 25 मार्च 2025 (भारत बानी ब्यूरो ) – पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अमृतसर के रणजीत एवेन्यू के आवासीय क्षेत्र में अस्थायी डंपिंग साइट बन चुकी जगह से कूड़ा और मशीनरी तुरंत हटाने के निर्देश देते हुए कहा है कि संबंधित स्थल की दिन में दो बार सफाई सुनिश्चित की जाए।

आज पंजाब विधानसभा सत्र के दौरान विधायक कंवर विजय प्रताप सिंह द्वारा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि रणजीत एवेन्यू, अमृतसर शहर का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि रणजीत एवेन्यू के ई-ब्लॉक में फर्म मैसर्स अमृतसर एम.एस.डब्ल्यू (एवेरडा) को ठोस कचरा एकत्र करने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए जमीन दी गई थी। लेकिन, संबंधित फर्म ने इस जमीन का उपयोग कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन और बंद मशीनरी की पार्किंग के रूप में करना शुरू कर दिया, जिससे यह स्थल अस्थायी रूप से कूड़ा एकत्र करने का केंद्र बन गया।

डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि संबंधित फर्म को इस स्थल से कूड़ा और बंद मशीनरी तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम अमृतसर द्वारा संबंधित स्थान को चारदीवारी लगाकर ढक दिया गया है। साथ ही, नगर निगम आयुक्त को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि इस स्थल की दिन में दो बार सफाई करवाई जाए।

कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि मौजूदा एजेंसी एवेरडा ने फरवरी 2025 में नगर निगम अमृतसर को मौजूदा अनुबंध से हटने की अपनी मंशा से अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि एजेंसी की सूचना के आधार पर नगर निगम अमृतसर घर-घर कूड़ा एकत्र करने, इसके परिवहन, प्रसंस्करण और सुरक्षित निपटान के लिए एक नई एजेंसी को शामिल करने हेतु नया टेंडर जारी करेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद रणजीत एवेन्यू में कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की समस्या स्थायी रूप से हल हो जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *