Notice: Trying to get property 'post_content' of non-object in /home/bharatbaani/htdocs/bharatbaani.com/wp-content/plugins/custom-css-js/custom-css-js.php on line 203

इस्लामाबाद,21 मार्च (भारत बानी) : पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों ने बुधवार को बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर पत्तन प्राधिकरण परिसर में जबरन घुसने और गोलीबारी करने वाले सात सशस्त्र हमलावरों को मार गिराया। इस दौरान लगातार गोलीबारी के बाद कई विस्फोट भी हुए। प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की मजीद ब्रिगेड ने हमले की जिम्मेदारी ली है। मकरान के आयुक्त सईद अहमद उमरानी ने पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ को बताया कि हमले के दौरान कई विस्फोटों की भी सूचना है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान अभी भी जारी है। 

ग्वादर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कैप्टन (सेवानिवृत्त) ज़ोहैब मोहसिन ने शुरुआत में डॉन.कॉम को बताया कि आठ सशस्त्र हमलावरों को मार गिराया गया, लेकिन बाद में संख्या को संशोधित कर सात कर दिया गया। हमले की स्थिति के बारे में उन्होंने कहा कि गोलीबारी‘‘पूरी तरह बंद‘’हो गई है। उन्होंने पहले डॉन डॉट कॉम को बताया कि जब भीषण गोलीबारी चल रही थी तब पुलिस और सुरक्षा बलों की एक बड़ी टुकड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। संयुक्त राष्ट्र रक्षा एवं सुरक्षा विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि परिसर पर हमले के दौरान ‘लगातार गोलीबारी के बाद कई विस्फोट’ हुए। 

यह केंद्र कई सरकारी और अर्धसैनिक कार्यालयों की मेजबानी करता है। संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हताहतों की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं है। बयान में कहा गया है कि ग्वादर स्थित तीन संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और मिशन पर तैनात संयुक्त राष्ट्र की तीन एजेंसियों के सात कर्मी सुरक्षित हैं। प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की मजीद ब्रिगेड ने हमले की जिम्मेदारी ली है। 

उल्लेखनीय है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान द्वारा नवंबर 2022 में सरकार के साथ अपना संघर्ष विराम समाप्त करने के बाद पाकिस्तान में विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है। 

Bharat Baani Bureau

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *